देवभोग चेकपोस्ट पर पुलिस ने पकड़ी संदिग्ध पिकअप, ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा
गरियाबंद: जिले की देवभोग पुलिस ने अंतर्राज्यीय सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 130 किलो 160 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। जप्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत लगभग 70 लाख 58 हजार रुपए आंकी गई है।

जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को थाना देवभोग पुलिस द्वारा ग्राम खुटनांव स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर एमसीपी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। तभी ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 5613 को रोककर पूछताछ की गई।
वाहन चालक ने अपना नाम राहुल पाण्डेय पिता चन्द्र भूषण पाण्डेय, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम पारो लौवडीह, तहसील मोहमदाबाद युशुपुर, थाना भंवरकोल, जिला गाजीपुर उत्तरप्रदेश बताया। पुलिस को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में रखी 6 सफेद रंग की प्लास्टिक बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 130 किलो 160 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 लाख 8 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा को ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही विधिवत कार्रवाई करते हुए गांजा को सीलबंद कर जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना देवभोग में धारा 20(b)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


