राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद।जिले में चलाए जा रहे नशे के विरुद्ध “नया सवेरा अभियान” के तहत गरियाबंद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
मुखबिर सूचना पर की गई रेड कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध नशे के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना छुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अपने घर में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी छुरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम नवाडीह (साजापाली) पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से अवैध रूप से रखी कुल 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2000 रुपये बताई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर उपस्थित गवाहों के समक्ष जब्त की गई शराब को अपने कब्जे में लिया। मामले में आरोपी आकाश पाण्डेय, पिता श्याम मूरत पाण्डेय, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम नवाडीह (साजापाली), थाना छुरा, जिला गरियाबंद को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
जप्त सामग्री
- एक मटमैला प्लास्टिक जरकीन (10 लीटर क्षमता)
- कुल 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब
- अनुमानित कीमत 2000 रुपये
अवैध नशे के खिलाफ लगातार जारी है अभियान
गरियाबंद पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


