राधे पटेल / गरियाबंद
रायपुर से देवभोग जाने वाले मार्ग पर बस संचालकों की मनमानी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि मुनाफा कमाने के लालच में बसें क्षमता से अधिक यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर ले जा रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गरियाबंद यातायात पुलिस ने आज एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस ने पाया कि कई बसें न सिर्फ ओवर-कैपेसिटी में चल रही थीं, बल्कि वे अपने अधिकृत रूट और समय-सारणी (Time-Table) का भी पालन नहीं कर रही थीं। यह परमिट शर्तों का सीधा और खुला उल्लंघन था।
6 बसों पर गिरा गाज, वसूला गया जुर्माना
यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने पर पुलिस ने मौके पर ही सख्त एक्शन लिया। परमिट और नियमों के उल्लंघन में 04 यात्री बसों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गई। वहीं, मोटर यान अधिनियम (MV Act) के तहत कुल 06 बसों के विरूद्ध 22,100 रुपये का चालान काटा गया। पुलिस ने साफ कर दिया है कि चंद रुपयों के लालच में यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी बस संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक की अपील
इस पूरी कार्रवाई पर गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने सख्त संदेश दिया है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे ओवरलोड वाहनों में यात्रा कर अपनी जान जोखिम में न डालें। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी बस में अनियमितता या मनमानी पाई जाती है, तो यात्री बेझिझक इसकी शिकायत करें; पुलिस तत्काल और कड़ी कार्रवाई करेगी। यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


