गरियाबंद। जिले के ग्राम माहुलकोट, चिचिया में आकाशीय बिजली गिरने से एक 34 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चिंतानंद भोई पिता आगिनधर भोई निवासी ग्राम माहुलकोट, चिचिया के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार चिंतानंद भोई गांव के बाहर खेत किसी काम से गए हुए थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की जानकारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।



