मैनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नवीन शासकीय महाविद्यालय मैनपुर में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, गरियाबंद के सहयोग से ‘सेवा फर्स्ट एवं इनोवेशन चैलेंज’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नवाचार, स्टार्टअप, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत युवाओं को स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक और नवाचारी समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को अपने आइडिया को उद्यम एवं स्टार्टअप के रूप में विकसित करने की दिशा में जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत गरियाबंद के अध्यक्ष श्री गौरी शंकर कश्यप तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा महामंत्री गरियाबंद श्री नंदकिशोर चौबे उपस्थित रहे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री दीनबंधु ध्रुव एवं सहायक प्रबंधक श्री रवि शंकर ध्रुव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ युवाओं को समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। युवाओं को स्टार्टअप, उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में नए विचारों के साथ आगे आने की आवश्यकता है।
विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यशाला के दौरान जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को छत्तीसगढ़ शासन की उद्यमिता विकास योजनाओं, स्टार्टअप नीति, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) और इनोवेशन चैलेंज के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, उपलब्ध सरकारी सहायता तथा अनुदान संबंधी प्रावधानों के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने युवाओं को अपने हुनर और नए विचारों को रोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
गरियाबंद जिले में 24 सितंबर को आयोजित अन्य ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ कार्यक्रमों में भी विद्यार्थियों को नवाचार, तकनीकी सोच, स्टार्टअप, स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं से अवगत कराया गया।



