मैनपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130C पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैनपुर से गरियाबंद की ओर जा रही एक पल्सर बाइक गौरघाट के पास पैरी नदी पुल से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तीनों युवक मैनपुर से लगभग छह किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बुढ़ार के निवासी हैं। वे किसी काम से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मैनपुर से गरियाबंद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गौरघाट स्थित पैरी नदी पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में दो युवकों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीसरे युवक के पैर में चोट लगी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मैनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दो गंभीर घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर कर दिया। वहीं तीसरे घायल का उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण बाइक के अनियंत्रित होकर पुल से टकराना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेत एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





