मैनपुर से महज 3 किमी दूर भाठीगढ़ की घटना, खेत में पूजा के लिए गया था 28 वर्षीय युवक; आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
राधे पटेल / गरियाबंद मैनपुर। हरेली तिहार की पूजा के लिए खेत पहुंचे 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना मैनपुर थाना मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर ग्राम भाठीगढ़ की है। मृतक की पहचान एवन साय धुरवा के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार एवन साय छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुसार हरेली तिहार की पूजा के लिए अपने खेत गया था। बताया जा रहा है कि वह खेत में भेलवा डारा लगाने और पूजा करने पहुंचा था। इसी दौरान उसने खेत में स्थित लाख(कुसुम ) के पेड़ पर फांसी लगा ली।
ग्रामीणों के पहुंचने पर सामने आई घटना
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एवन साय के इस कदम से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। ग्रामीणों के अनुसार वह मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का था। परिवार के इकलौते बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
घटना के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

