एसडीएम लोकांश एल्मा और एसडीओपी ओमप्रकाश कुंजूर के नेतृत्व में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम ने की जांच; दुकानदारों को ज्वलनशील वस्तुओं से सावधानी बरतने के निर्देश
मैनपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए पटाखा दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार, 4 नवंबर को शाम 5 बजे मैनपुर में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
यह कार्रवाई एसडीएम एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी मैनपुर लोकांश एल्मा तथा एसडीओपी मैनपुर ओमप्रकाश कुंजूर के नेतृत्व में की गई। निरीक्षण के दौरान पटाखा दुकानदारों के लाइसेंस और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई।
रेत, पानी और अग्निशमन यंत्र की जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में आग से बचाव के लिए उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों का जायजा लिया। इसमें रेत, पानी और अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था की जांच की गई।

एसडीएम लोकांश एल्मा ने पटाखा विक्रेताओं को ज्वलनशील वस्तुओं के संबंध में विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।


