सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’, गोदभराई-अन्नप्राशन से लेकर दिव्यांगों को ट्रायसिकल और किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित
गरियाबंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मैनपुर विकासखंड के ग्राम भाठीगढ़ स्थित उन्मुक्त खेल मैदान में सोमवार को ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल और प्रदर्शनी लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन भी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों की ओर से मौके पर ही हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
योजनाओं का लाभ गांव के करीब पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। गांवों में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी के साथ सेवाओं का लाभ भी स्थानीय स्तर पर मिल रहा है।
मोबाइल नेटवर्क की समस्या का मुद्दा भी उठा
जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव के नजदीक ही शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्र के नेटवर्क विहीन इलाकों में मोबाइल टावर स्थापित कर मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने की मांग रखी।
उन्होंने किसानों को फसलों में होने वाली बीमारियों और उनके नियंत्रण के उपायों की जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ गांव-गांव और पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने भी शिविर को संबोधित किया।
स्वास्थ्य जांच से लेकर एग्रीस्टैक और ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की बीपी और शुगर जांच के साथ टीबी स्क्रीनिंग की। इसके अलावा एग्रीस्टैक पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें पोषण टोकरी प्रदान की गई, जबकि पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। नोनी सुरक्षा योजना के तहत प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
आवास की चाबी से लेकर दिव्यांगों को ट्रायसिकल तक
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। समाज कल्याण विभाग ने तीन दिव्यांग हितग्राहियों को ट्रायसिकल और एक हितग्राही को मोटराइज्ड साइकिल प्रदान की।
राजस्व विभाग द्वारा पट्टा तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा मच्छरदानी और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। कृषि विभाग ने 10 हितग्राहियों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड तथा 10 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड दिए गए।
मछली जाल, आइस बॉक्स और डबरी से भी मिला लाभ
वीबीजी-राम-जी योजना के तहत तीन हितग्राहियों को नए जॉब कार्ड तथा चार हितग्राहियों को डबरी से लाभान्वित किया गया। मत्स्य विभाग ने छह हितग्राहियों को मछली जाल और तीन हितग्राहियों को आइस बॉक्स वितरित किए।
शिविर में कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह तथा कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष मोहना नेताम, उपाध्यक्ष नंदकुमारी राजपुत, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, गोवर्धन मांझी, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर, भाठीगढ़ सरपंच पुष्पा नेगी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




