सरपंच, पंच, वार्ड पंच और कोटवारों को सौंपी जिम्मेदारी, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल थाना मैनपुर को सूचना देने की अपील
मैनपुर | गरियाबंद जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर मैनपुर थाना क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में थाना प्रभारी (टीआई) सिद्धेश्वर प्रताप सिंह ने थाना परिसर में सरपंच, पंच, वार्ड पंच एवं कोटवारों की बैठक लेकर अभियान की रूपरेखा समझाई और सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में टीआई सिद्धेश्वर प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में रहने वाले बाहरी किराएदारों, मजदूरों, मुसाफिरों तथा अन्य राज्यों एवं जिलों से आकर अस्थायी रूप से निवास करने वाले लोगों की जानकारी संबंधित ग्राम पंचायत और थाना मैनपुर को समय पर उपलब्ध कराना आवश्यक है। इससे क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम में मदद मिलेगी।
थाना मैनपुर ने क्षेत्र के सभी सरपंच, पंच, वार्ड पंच एवं कोटवारों से अपील की है कि यदि उनके गांव या वार्ड में कोई बाहरी व्यक्ति किराए पर रह रहा है, मजदूरी कर रहा है अथवा अस्थायी रूप से ठहरा हुआ है, तो उसकी जानकारी तत्काल थाना मैनपुर को दें। साथ ही नए किराएदारों का सत्यापन कराने के लिए मकान मालिकों से भी सहयोग करने की अपील की गई है।
बैठक के दौरान टीआई सिद्धेश्वर प्रताप सिंह ने कहा कि किराएदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कई मामलों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोग अपनी पहचान छिपाकर दूसरे क्षेत्रों में किराए पर रहने लगते हैं। ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सहयोग पुलिस के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने ग्रामीणों से यह भी कहा कि किसी भी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके अलावा मकान मालिक बिना पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के किसी भी व्यक्ति को किराए पर कमरा उपलब्ध न कराएं। इससे भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सकेगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। थाना मैनपुर पुलिस ने सभी ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बाहरी व्यक्तियों की समय पर जानकारी देकर सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।





