गरियाबंद। जिले के पीपरछड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़कपारसुली वन परिक्षेत्र के ग्राम हाटमोहा में तेंदुए के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेंदुआ महिला को घर के बाहर से उठाकर ले गया। बाद में उसका शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद किया गया।
मृतका की पहचान उकरी बाई भुंजिया (70 वर्ष), पति जोहर सिंह भुंजिया, निवासी ग्राम हाटमोहा के रूप में हुई है।
सुबह शौच के लिए निकली थीं महिला
उकरी बाई भुंजिया मंगलवार सुबह घर से बाहर दिशा-शौच के लिए निकली थीं। इसी दौरान घर के पास घात लगाए तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें उठाकर जंगल की ओर ले गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने महिला की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद महिला का शव गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर मिला। शव पर जंगली जानवर के हमले के निशान बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े – गरियाबंद में पत्नी की हत्या का आरोप, चरित्र शंका में बेल्ट से पीटने का मामला; पति हिरासत में
वन विभाग और पुलिस मौके पर
सूचना मिलते ही सड़कपारसुली वन परिक्षेत्र का अमला और पीपरछड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस द्वारा शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम की तैयारी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वन विभाग की जांच के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी।
गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद ग्राम सड़कपरसुली और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की गतिविधियों पर तत्काल निगरानी बढ़ाने, गश्त लगाने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
वन क्षेत्रों से लगे गांवों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे सुबह और शाम के समय अकेले जंगल की ओर न जाएं। विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को घर से दूर अकेले जाने से बचाने, समूह में निकलने तथा तेंदुए की गतिविधि दिखने पर तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है।


