मैनपुर | प्रदेशभर में कोटवारों द्वारा नियमितीकरण और सम्मानजनक मानदेय की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है। इसी कड़ी में कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (तहसील मैनपुर) ने सोमवार को मैनपुर तहसीलदार को एक निवेदन पत्र सौंपा है। इस ज्ञापन के माध्यम से कोटवारों ने वर्तमान में मिल रहे 3,000 से 6,000 रुपए के अल्प मानदेय को बढ़ाकर 15,000 रुपए करने की मांग की है, ताकि उनका सकारात्मक अभिमत शासन तक भेजा जा सके।
महंगाई में परिवार का भरण-पोषण हो रहा मुश्किल

को आवेदन देते हुए

कोटवार संघ के पदाधिकारियों ने तहसीलदार को सौंपे गए पत्र में अवगत कराया है कि मुख्यमंत्री को पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर कार्रवाई करते हुए, जिला कार्यालय से संबंधित पत्र जारी कर अधिकारियों से उनका अभिमत मांगा गया है। कोटवारों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें जो 3,000 से 6,000 रुपए तक मानदेय मिल रहा है, वह आज के इस बढ़ती महंगाई के दौर में परिवार के भरण-पोषण के लिए बिल्कुल भी पर्याप्त नहीं है। इसलिए कोटवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए मानदेय में वृद्धि की अनुशंसा शासन को भेजी जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के अध्यक्ष नोखेश्वर जगत, सचिव कुंवर प्रधान, संरक्षक घनश्याम नेताम, कोषाध्यक्ष गिरजाशंकर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


आयुक्त भू-अभिलेख ने सभी कलेक्टरों से मांगा है अभिमत
उल्लेखनीय है कि कोटवारों के मासिक पारिश्रमिक में वृद्धि और नियमितीकरण को लेकर कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष प्रेम किशोर बाघ द्वारा शासन को पत्र लिखा गया था। इसके बाद 30 अक्टूबर 2026 को कार्यालय आयुक्त भू-अभिलेख (नवा रायपुर) ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को पत्र (क्रमांक 6448) जारी कर इस संबंध में उनका अभिमत और प्रतिवेदन मांगा है।
किस वर्ग के कोटवार ने की है कितनी मांग?
भूमिहीन कोटवार: वर्तमान मानदेय 6,000 रुपए; 15,000 रुपए की मांग।
तीन एकड़ तक सेवा भूमि वाले: वर्तमान मानदेय 5,500 रुपए; 12,000 रुपए की मांग।
साढ़े सात एकड़ तक सेवा भूमि वाले: वर्तमान मानदेय 4,500 रुपए; 10,000 रुपए की मांग।
साढ़े सात एकड़ से अधिक सेवा भूमि वाले: वर्तमान मानदेय 3,000 रुपए; 8,000 रुपए की मांग।


