गरियाबंद जिले में डायल-112 सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल ने डायल-112 कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और हर आपात कॉल पर तत्काल कार्रवाई करने की समझाइश दी।

एडिशनल एसपी ने कहा कि डायल-112 केवल एक सेवा नहीं बल्कि आम लोगों के भरोसे और सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी घटना की सूचना मिलते ही बिना देरी के घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने, रिस्पॉन्स टाइम कम करने तथा वाहन और वायरलेस सिस्टम को हमेशा सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कर्मचारियों को संवेदनशील मामलों में मानवीय व्यवहार अपनाने और नागरिकों के साथ सम्मानजनक तरीके से पेश आने की सलाह भी दी गई।
इस दौरान डायल-112 टीम को यह भी बताया गया कि जिले में हाल ही में नई 112 वाहनों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे अब ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में भी तेजी से सहायता पहुंचाई जा सकेगी। अधिकारियों ने कर्मचारियों से कहा कि नई सुविधाओं का सही उपयोग कर जनता को बेहतर सुरक्षा प्रदान करें।
गरियाबंद पुलिस द्वारा लगातार डायल-112 सेवा को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि सड़क दुर्घटना, विवाद, अपराध और अन्य आपात स्थितियों में लोगों को तत्काल मदद मिल सके। जिले के नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी।


