गरियाबंद जिले की मैनपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी के गुप्त हिस्सों में गांजा छिपाकर ले जा रहे राजस्थान के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 8 किलोग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त दो सुजुकी स्कूटी जब्त की हैं। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में 7 जुलाई को थाना मैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति स्कूटी से अवैध गांजा लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जीड़ार तिराहा पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध स्कूटियों को रोककर तलाशी ली। शुरुआत में कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया, लेकिन जब वाहनों की बारीकी से जांच की गई तो पुलिस भी हैरान रह गई। तस्करों ने स्कूटी के अलग-अलग पार्ट्स और गुप्त स्थानों के भीतर बड़ी सफाई से गांजा छिपा रखा था। पार्ट्स खोलने पर दोनों स्कूटियों से 4-4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने लगा। इस बीच प्रशिक्षु PSI दीप कुमार ने उसका पीछा किया और करीब 1.5 किलोमीटर तक नंगे पांव दौड़कर उसे पकड़ लिया। उनकी तत्परता से आरोपी फरार होने में सफल नहीं हो सका।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के नवरंगपुर से गांजा लेकर राजस्थान के कोटा में बिक्री के लिए जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन कुमार (29 वर्ष), निवासी भीमगंज, कोटा (राजस्थान) तथा शिवप्रसाद सैनी (31 वर्ष), निवासी उद्योग नगर, कोटा (राजस्थान) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में एएसआई नकुल सिंह सिदार के नेतृत्व में पीएसआई दीप कुमार, प्रधान आरक्षक जागेश्वर निषाद, एएसआई पवन कुमार सिन्हा तथा थाना मैनपुर के अन्य पुलिस अधिकारियों और आरक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





