राधे पटेल / गरियाबंद 77 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाने की थी तैयारी; ANTF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई
महासमुंद/कोमाखान। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एंबुलेंस में छिपाकर ले जाए जा रहे 77 किलो अवैध गांजा को जब्त करते हुए पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 38 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एंबुलेंस, पायलटिंग कर रही कार, पांच मोबाइल फोन समेत कुल 50 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से गांजा लाकर महाराष्ट्र के सोलापुर में खपाने की तैयारी में थे।
जानकारी के अनुसार, तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए इस बार एंबुलेंस का इस्तेमाल किया था, ताकि वाहन पर किसी को शक न हो। हालांकि ANTF और कोमाखान पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक एंबुलेंस के भीतर विशेष तरीके से गांजा छिपाकर रखा गया था।
यह पहली बार नहीं है जब गांजा तस्करी के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किया गया हो। इससे पहले भी ऐसे मामलों का खुलासा हो चुका है, लेकिन पुलिस ने एक बार फिर तस्करों की इस चाल को नाकाम कर दिया। देशभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं।
पुलिस का कहना है कि तस्करों के नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य राज्यों से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले चार महीनों में बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया गया है। आंकड़ों के अनुसार अब तक 84 प्रकरणों में 6093.121 किलो गांजा जब्त कर 221 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 54 आरोपी छत्तीसगढ़ के जबकि 167 अन्य राज्यों के बताए जा रहे हैं। हाल के महीनों में महासमुंद और कोमाखान क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


