राधे पटेल / गरियाबंद धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार 2026” को प्रभावी और जनहितैषी बनाने के लिए धमतरी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने स्पष्ट कहा कि “सुशासन तिहार” केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का संवेदनशीलता, गंभीरता और तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सुशासन तिहार के सफल संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा राजपत्रित अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि विभिन्न शिविर स्थलों पर विशेष पुलिस स्टॉल लगाए जाएं, जहां आम नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें और उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा थाना-चौकी स्तर पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने अधिकारियों से कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन में सुरक्षा, विश्वास और सकारात्मक माहौल बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।
धमतरी पुलिस द्वारा जनसंपर्क और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। देशभर में पुलिस प्रशासन अब “कम्युनिटी पुलिसिंग” मॉडल के जरिए जनता से सीधा संवाद बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुशासन तिहार के दौरान जनहितैषी, जवाबदेह और पारदर्शी कार्यशैली अपनाई जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाओं का अनुभव हो सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, डीपीओ अजय सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


