राधेश्याम पटेल/गरियाबंद
गरियाबंद: जिले में बेतहाशा बढ़ती महंगाई को लेकर अब सियासी पारा चढ़ने लगा है। कांग्रेस के गरियाबंद जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया है। स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के चलते आज देश में महंगाई पूरी तरह से बेलगाम हो चुकी है।

गैस और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर घेरा
बेसरा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में एक बार फिर ₹195 की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि महज पिछले तीन महीनों के भीतर ही कमर्शियल गैस ₹525 तक महंगी हो चुकी है। वहीं, आम जनता की जेब पर डाका डालते हुए घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में भी हाल ही में ₹62 का इजाफा किया गया है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने का दावा करने वाली सरकार के राज में ही कई राज्यों में पेट्रोल के दाम फिर से बढ़ने लगे हैं। कुछ जगहों पर तो यह बढ़ोतरी ₹4 तक पहुंच गई है।
“आम आदमी का किचन बजट पूरी तरह बिगड़ा”

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि सिर्फ ईंधन ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की सभी जरूरी चीजें आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। एविएशन फ्यूल से लेकर दूध, राशन सामग्री और खाद्य तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस खाद्य तेल को ₹70 प्रति लीटर तक पहुंचने में कई दशक लग गए थे, वह आज ₹200 के आंकड़े को भी पार कर गया है। इससे आम आदमी के घर का किचन बजट पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है।
बढ़ती आर्थिक असमानता और रोजगार का संकट
अपनी वार्ता के अंत में बेसरा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है। एक तरफ जहां महंगाई का बोझ आम जनता की कमर तोड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ रोजगार के अवसर भी सिकुड़ रहे हैं। ऐसे गंभीर हालात में आम इंसान के लिए अपने परिवार का भरण-पोषण करना और घर चलाना बेहद मुश्किल होता जा रहा है।


