गरियाबंद। जिला दवा विक्रेता संघ के वर्ष 2026-29 के लिए संपन्न हुए चुनाव में परिवर्तन पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 में से 6 पदों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम कर लिया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में परिवर्तन पैनल के अश्वनी सिंह ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अरुण कुमार मिश्रा को 22 मतों के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की। अध्यक्ष पद पर अश्वनी सिंह ठाकुर को 143 मत प्राप्त हुए, जबकि अरुण कुमार मिश्रा को 121 मत मिले।
कुल 264 मतदाताओं वाले इस चुनाव में परिवर्तन पैनल को दवा विक्रेताओं का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। चुनाव परिणामों के अनुसार सचिव पद पर अनिल चंद्राकर, उपाध्यक्ष पद पर दिनेश सिन्हा, कोषाध्यक्ष पद पर गुहाराम सोनकर, संगठन सचिव पद पर रुद्र देव वर्मा तथा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) पद पर चेतन मेघवानी विजयी घोषित किए गए।
वहीं सह सचिव पद पर एकता पैनल के ललित साहू ने जीत दर्ज कर अपनी पैनल की एकमात्र सीट बचाने में सफलता हासिल की। इस तरह परिवर्तन पैनल ने सात में से छह पदों पर कब्जा जमाते हुए संघ में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने मिठाइयां बांटी, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया। पूरे चुनावी माहौल में उत्सव जैसा दृश्य देखने को मिला।
विजयी उम्मीदवारों ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे दवा विक्रेताओं के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी कार्यकाल में दवा व्यवसाय से जुड़े सभी सदस्यों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।





