गरियाबंद। जिले के राजिम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.775 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन वयस्क आरोपियों सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया है। पुलिस ने गांजा, कार और मोबाइल फोन सहित कुल 14 लाख 12 हजार 250 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को थाना प्रभारी राजिम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक ओडी-26-एफ-3603 में भारी मात्रा में अवैध गांजा रखकर कौंदकेरा की ओर से राजिम लाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने जोरा तालाब के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान कार से 13.775 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान कमलेश यादव, दीपक राव और बेंजामिन सिंह के रूप में बताई। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी मौजूद थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा, तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार तथा पांच मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 77 हजार 250 रुपये, वाहन की कीमत 7 लाख रुपये तथा मोबाइल फोन की कीमत 35 हजार रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती 14 लाख 12 हजार 250 रुपये की है।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। तीनों वयस्क आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





