कार्तिक पूर्णिमा पर पारंपरिक रीति-रिवाज से हुआ सम्मान, लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता का दिया संदेश
महासमुंद। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम नंदी चौक में पारंपरिक मड़ई मेले का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक अशवंत तुषार साहू शामिल हुए।
ग्राम नंदी चौक पहुंचने पर आयोजन समिति के सदस्यों जोगी निषाद, विनय बंजारे एवं ग्रामवासियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। साथ ही चंदन और गुलाल का तिलक लगाकर पारंपरिक रीति-रिवाज से आत्मीय सम्मान किया। इस दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मड़ई मेला छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की पहचान : साहू
कार्यक्रम में अशवंत तुषार साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मड़ई मेला परंपरा केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकआस्था, देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा, पारंपरिक विरासत और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों की यही सांस्कृतिक विरासत छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान है। अपनी परंपराओं का संरक्षण करना और सामाजिक एकता को मजबूत बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर अशवंत तुषार साहू ने ग्रामवासियों से मिले स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का प्रेम और आशीर्वाद उन्हें हमेशा समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी, सरपंच पार्वती सुधीर, मनीष बंजारे, पूर्व सरपंच मीणा जोगी निषाद, रामआसरे यादव, विनय बंजारे, लीलाधर जोशी, राकेश कोशले, परमेश्वर भारती, राय सिंह ओगरे, मनोज निषाद एवं राधे साहू सहित आयोजन समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अंत में अशवंत तुषार साहू ने समस्त ग्रामवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं मड़ई मेले की बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।



