गरियाबंद के पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन; जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, हितग्राहियों को सामग्री और चेक वितरित, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को गरियाबंद के पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, हितग्राहियों को सामग्री एवं उपकरण वितरण और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय एवं राजकीय गीत का गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास और जिले की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने गरियाबंद की वन संपदा, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
विकास प्रदर्शनी का निरीक्षण, हितग्राहियों को बांटी सामग्री
राज्योत्सव में मंत्री टंकराम वर्मा सहित अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली। साथ ही आम नागरिकों से चर्चा कर योजनाओं से मिल रहे लाभ के बारे में जाना।
समारोह में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सामग्री, उपकरण और चेक वितरित किए गए। दिव्यांगजनों को ट्राइसिकल प्रदान की गई। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों ने लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और छत्तीसगढ़ी परिधानों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
26 वर्षों में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए : वर्मा
मुख्य अतिथि मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना जनता के लंबे संघर्ष और संकल्प का परिणाम है। राज्य ने 26 वर्षों की यात्रा में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सड़क, बिजली, पानी और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति का क्रियान्वयन किया जा रहा है। किसानों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि ग्राम सुराज की संकल्पना को साकार करने की दिशा में काम हो रहा है। आदिवासी विकास प्राधिकरण प्रकोष्ठ के माध्यम से भी जिले को लाभ मिल रहा है। उन्होंने गरियाबंद जिले की आदिवासी संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए भूतेश्वरनाथ मंदिर एवं जतमई धाम जैसे धार्मिक स्थलों को जिले की विशेष पहचान बताया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति से प्रदेश में शांति और खुशहाली की रफ्तार बढ़ रही है तथा औद्योगिक विकास को भी गति मिल रही है।
रोहित साहू बोले- जनभागीदारी से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
राजिम विधायक रोहित साहू ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन जनता के सपनों का साकार रूप है। राज्य ने गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग के उत्थान के लिए विकास के नए अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद गरियाबंद जिले ने शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि पंचायत स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण विकास को गति मिल रही है। उन्होंने विकास कार्यों में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जनपद पंचायत गरियाबंद अध्यक्ष सोहन ध्रुव, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, कोपरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, जनपद पंचायत देवभोग अध्यक्ष पदमलया निधि, नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्वेता शर्मा, आशीष शर्मा, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर और जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।






