मैनपुर के राजाडेरा जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखी थी रकम, ठेकेदारों और आम लोगों से वसूली के पैसे होने का दावा; एक स्थानीय सहयोगी भी गिरफ्तार
मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राजाडेरा जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपए के डंप को निकालने पहुंचे दो महिला आत्मसमर्पित नक्सलियों और उनके एक सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 21 लाख रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन और एक टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मैनपुर पुलिस ने राजाडेरा पहाड़ी के पास घेराबंदी की थी। इसी दौरान जंगल से एक बैग लेकर लौट रहे तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद काले रंग के बैग में टिफिन के भीतर 500-500 रुपए के नोटों के बंडल रखे मिले। गिनती करने पर कुल 21 लाख रुपए नकद बरामद हुए।
दो महिला सरेंडर नक्सली और एक सहयोगी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिंगे उर्फ रोशनी (25), निवासी ग्राम गामगुलावर, जिला सुकमा; बुधरी मुचाकी उर्फ बुदरी उर्फ सोनी (35), निवासी ग्राम एटेगट्टा, जिला सुकमा और नोहर मरकाम (36), निवासी ग्राम भुतबेड़ा, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सिंगे उर्फ रोशनी नक्सली कमांडर चलपति की गार्ड रह चुकी है, जबकि बुधरी मुचाकी सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर बताई गई है। तीसरा आरोपी नोहर मरकाम नक्सलियों का सहयोगी बताया गया है।

2024 में जंगल में दबाकर रखा गया था 21 लाख का डंप
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद 21 लाख रुपए ठेकेदारों और आम लोगों को डराने-धमकाने के बाद अवैध वसूली के जरिए जुटाए गए थे। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में नक्सली कमांडर चलपति ने इस रकम को राजाडेरा जंगल में पहाड़ी के पास जमीन के अंदर छिपाकर रखा था।
आरोपियों के अनुसार, लंबे समय से जंगल में छिपाकर रखी गई इस रकम को निकालने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए सुकमा पुनर्वास कैंप में रहने के दौरान दोनों महिला आरोपियों ने अपने पुराने सहयोगी नोहर मरकाम से संपर्क किया और उसके साथ राजाडेरा जंगल पहुंचीं।
पुनर्वास के बाद भी नक्सली गतिविधियों से जुड़े रहने का आरोप
पुलिस का दावा है कि दोनों महिला आरोपियों ने शासन की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण किया था, लेकिन उनका उद्देश्य जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सली संगठन के पैसे को निकालकर दोबारा संगठन की गतिविधियों में इस्तेमाल करना था। इसी योजना के तहत तीनों राजाडेरा जंगल पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई में वे रकम लेकर लौटते समय पकड़ लिए गए।

BNS और UAPA के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 61(2) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 17, 18, 20, 38 और 40 के तहत देहाती नालसी दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। मामले में बरामद नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों की गतिविधियों और पुनर्वास प्रक्रिया की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


