दो दिन तक चला विशेष चेकिंग अभियान, शास्त्री चौक और घड़ी चौक पर पकड़े गए चालक; दोबारा नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने प्रतिबंधित मार्गों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पिछले दो दिनों से चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान शास्त्री चौक और घड़ी चौक के आसपास प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन चलाते मिले 27 चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, शास्त्री चौक के आसपास प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई चालक निर्धारित मार्गों और समय का पालन नहीं कर रहे थे। शिकायतों और लगातार हो रहे उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया।
इन चार रास्तों से प्रवेश पर प्रतिबंध
शास्त्री चौक के आसपास यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार प्रमुख प्रवेश मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है।
- जयस्तंभ चौक की ओर से: बांबे मार्केट टर्निंग से प्रवेश प्रतिबंधित।
- रेलवे स्टेशन की ओर से: मरहीमाता चौक से प्रवेश प्रतिबंधित।
- महिला थाना की ओर से: बंजारी चौक से प्रवेश प्रतिबंधित।
- कलेक्ट्रेट चौक की ओर से: कलेक्ट्रेट चौक से प्रवेश प्रतिबंधित।
इन वैकल्पिक मार्गों से कर सकेंगे आवागमन
प्रतिबंधित रास्तों के बजाय ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक चालक बंजारी चौक से बांबे मार्केट टर्निंग, रजबंधा मैदान, मरहीमाता चौक, खालसा स्कूल तिराहा, खजाना चौक और राजभवन चौक होकर आवागमन कर सकते हैं।
डीसीपी के निर्देशन में चला अभियान
डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान शारदा चौक और पंडरी यातायात थाने के प्रभारियों ने शास्त्री चौक और घड़ी चौक क्षेत्र में वाहनों की जांच की। इस दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर निर्धारित समय में वाहन चलाते पाए गए 27 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
दोबारा उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
चालानी कार्रवाई के साथ पुलिस ने वाहन चालकों को प्रतिबंधित मार्गों और निर्धारित समय की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने की समझाइश दी। यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित चालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन कर शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।


