राधे पटेल / गरियाबंद मैनपुर । सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर तौरेंगा हॉस्टल परिसर में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता एवं अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। सरदार पटेल को भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक के रूप में याद करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया। आयोजकों ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीण युवाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में निरीक्षक ओ.पी. यादव (प्रा.आर. 229/50/441) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि खेल और जागरूकता कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी खेल एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन से विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

