गरियाबंद । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम में सुबह 7:00 बजे से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री बी.एस. उइके एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों को योग दिवस कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री उइके ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, सामाजिक संगठनों और मीडियाकर्मियों से भी कार्यक्रम में शामिल होकर योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई।
विभागवार सौंपी गई जिम्मेदारियां
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन स्थल पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा, विद्युत व्यवस्था, जनरेटर, पार्किंग, कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, गद्दे एवं टाट-पट्टी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंच और साउंड सिस्टम की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग, पेयजल व्यवस्था की जिम्मेदारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जबकि साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद गरियाबंद को सौंपी गई है। इसके अलावा योग प्रशिक्षकों की व्यवस्था, मंच संचालन तथा विभिन्न विभागों के समन्वय का कार्य भी तय कर दिया गया है।
योग से स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी माना जाता है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 21 जून को सुबह 7 बजे इंडोर स्टेडियम पहुंचकर योग दिवस कार्यक्रम में सहभागी बनें और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।





