नगरी। डाईट नगरी के सेवानिवृत्त व्याख्याता एवं समाजसेवी कंजन सिंह ध्रुव को छात्र-छात्राओं तथा शिक्षित बेरोजगार युवाओं के मार्गदर्शन, जनोपयोगी एवं समसामयिक जानकारियों के प्रसार तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुँचाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज तहसील नगरी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर समाज की ओर से सम्मान प्रदान किया गया।
श्री ध्रुव लंबे समय से सामाजिक व्हाट्सएप समूहों एवं विभिन्न माध्यमों के जरिए युवाओं को शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित उपयोगी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। उनके इस प्रयास से अनेक युवाओं को मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है और वे विभिन्न अवसरों से जुड़ सके हैं।
समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्री ध्रुव के इस अनुकरणीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने ज्ञान और अनुभव का उपयोग समाजहित में करते हुए युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री कंजन सिंह ध्रुव एवं उनके परिजनों ने आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करेगा।
यह सम्मान समारोह बुढ़ादेव मंदिर, कर्णेश्वर धाम देऊरपारा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के संरक्षक तुलाराम ओटी, धनसिंह नेताम, तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र ध्रुव, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोरी, कोषाध्यक्ष सुरेश ध्रुव, महासचिव नरेश छेदैहा, सहसचिव पुरन नेताम, वित्त सचिव मानिक नेताम, अंकेक्षक टीकम गंगेश सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ एवं कर्मचारी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन कार्यक्रम में शामिल हुए और श्री ध्रुव को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।





