गरियाबंद। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखा। जनदर्शन में कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व पट्टा, मनरेगा मजदूरी भुगतान, एग्रीस्टेक पंजीयन, रोजगार गारंटी योजना, पशु शेड निर्माण, भूमि मुआवजा और कृषि ऋण सब्सिडी सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
ग्राम कुटेना के हेमलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त की राशि दिलाने के लिए आवेदन दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल बुलाकर राशि जारी करने के निर्देश दिए। वहीं गरियाबंद की रामकली साहू ने पीएम आवास, ग्राम पीपरछेड़ी की चम्पी बाई भुंजिया ने एग्रीस्टेक में नाम जोड़ने तथा ग्राम कुरूद के चेतन राम साहू ने मनरेगा मजदूरी भुगतान के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
इसके अलावा ग्राम देवरी के मदनराम साहू ने पशु शेड निर्माण की राशि, ग्राम बम्हनदेवी के शत्रुघन लाल ने पट्टा प्रदान करने, ग्राम खुटगांव के परमेश्वर ने रोजगार गारंटी सूची में नाम जोड़ने तथा लक्ष्मी बाई ध्रुव ने राजस्व पट्टा उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्राम कुटेना के इंदल राम साहू ने श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने, ग्राम खम्हारगुड़ा की कुर्ती बिहारी ने भूमि मुआवजा राशि तथा ग्राम परतेवा के फकीर राम साहू ने केसीसी सब्सिडी की राशि दिलाने के लिए आवेदन सौंपा।
कलेक्टर श्री उइके ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए ताकि आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम आम नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाता है।





