गरियाबंद। गरियाबंद वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र गरियाबंद के बारूका एवं जड़जड़ा परिसर से जुड़े कई गांवों में पिछले कुछ दिनों से वन्यप्राणी तेंदुए की लगातार गतिविधियां देखी जा रही हैं। तेंदुए के विचरण की खबर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। संभावित जनहानि, जनघायल और पशुहानि की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंटोरा, चट्टानपारा, कोदोबतर बारूका, जड़जड़ा, पेण्ड्रा, कोटरीघापर, भुईनाहाडेरा, कुर्रूभाठा, खट्टी, सढ़ौली, चिखली और आमदी क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वनमंडल स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। वन विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर मुनियादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की समझाइश दे रही हैं। जिन क्षेत्रों में तेंदुए को प्रत्यक्ष रूप से देखा गया है, वहां जंगल के समीप पिंजरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही आसपास के जंगलों में ट्रैप कैमरों के माध्यम से निगरानी भी की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय घर से बाहर न निकलें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। विभाग की टीमें तीन पालियों में लगातार गश्त कर रही हैं। सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक और रात्रि के दौरान भी निगरानी जारी है।
ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए मोबाइल वाहनों और अन्य सूचना तंत्रों का भी उपयोग किया जा रहा है। वन विभाग ने तेंदुए से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 62681-77800 जारी किया है। इसके अलावा वन कर्मचारी देवेन्द्र तिवारी (70003-28264) एवं टेमन प्रसाद दुबे (83193-00413) को भी सूचना दी जा सकती है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, सतर्क रहें और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।





