गरियाबंद क्षेत्र में किसानों को खाद की हो रही भारी किल्लत और वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था को लेकर किसान कांग्रेस ब्लॉक मैनपुर ने आंदोलन का ऐलान किया है। किसान हितों को लेकर संगठन द्वारा बुधवार 27 मई 2026 को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय मैनपुर में ज्ञापन सौंपा जाएगा।
किसान कांग्रेस ब्लॉक मैनपुर के अध्यक्ष पारेश्वर नेगी ने क्षेत्र के किसानों, युवा साथियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर किसानों की आवाज को मजबूत करने की अपील की है। उनका कहना है कि खेती-किसानी के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे खेती कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही खाद वितरण व्यवस्था में भी अव्यवस्था की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
संगठन ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर अब निर्णायक आवाज बुलंद करने का समय आ गया है। किसान कांग्रेस का कहना है कि यदि समय रहते किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो इसका असर खेती और उत्पादन पर पड़ेगा। इसी मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
किसान कांग्रेस ने इसे किसान हित और अधिकार की लड़ाई बताते हुए सभी से एकजुट होकर आंदोलन में भागीदारी निभाने की अपील की है। संगठन का कहना है कि किसान मजबूत होगा तभी देश मजबूत होगा।



