राधे पटेल / गरियाबंद छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गरियाबंद जिले को डायल-112 सेवा के तहत 8 नई आधुनिक वाहनों की सौगात मिली है। इससे पहले जिले में केवल 2 वाहन संचालित हो रहे थे, लेकिन अब कुल 10 वाहन जिलेभर में लोगों की सुरक्षा और आपात सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।
नई डायल-112 वाहनों के जुड़ने से पुलिस की प्रतिक्रिया समय में तेजी आएगी और ग्रामीण तथा दूरस्थ क्षेत्रों में भी लोगों को तत्काल सहायता मिल सकेगी। इन वाहनों में आधुनिक तकनीक, जीपीएस ट्रैकिंग, हाई क्वालिटी कैमरे तथा आपातकालीन उपकरण लगाए गए हैं, जिससे घटनास्थल तक तुरंत पहुंचकर कार्रवाई की जा सकेगी।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah द्वारा रायपुर में “नेक्स्ट जेन CG डायल-112” सेवा के तहत प्रदेशभर में 400 से अधिक आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाई गई। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के सभी 33 जिलों में नागरिकों को त्वरित और प्रभावी आपात सहायता उपलब्ध कराना है।
गरियाबंद जैसे वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों वाले जिले में नई वाहनों की उपलब्धता से सड़क दुर्घटना, अपराध, मेडिकल इमरजेंसी तथा अन्य संकट की स्थितियों में राहत कार्य और तेज होगा। पुलिस विभाग के अनुसार नई गाड़ियां 24 घंटे सक्रिय रहकर नागरिकों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करेंगी।
इस नई व्यवस्था से जिले के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है और उम्मीद जताई जा रही है कि अब डायल-112 सेवा पहले की तुलना में अधिक प्रभावी तरीके से काम करेगी।


