राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। जिले में सनसनी फैल गई जब कोड़ोहरदी मोड़ के पास जंगल में एक संदिग्ध लाश मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और गरियाबंद पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। हाल के महीनों में देश के कई हिस्सों में जंगल क्षेत्रों से संदिग्ध शव मिलने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे ऐसे मामलों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं।
डोंगरीगांव बीट के कक्ष क्रमांक 563 में मेन रोड 130C से लगभग 100 मीटर अंदर जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। आसपास के ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव की हालत और परिस्थितियों को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में इस तरह संदिग्ध हालत में शव मिलने से लोग सहमे हुए हैं। वहीं पुलिस आसपास के गांवों और थानों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।





