राधे पटेल / गरियाबंद रायपुर के कुम्हारी इलाके से अपराध का एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे और एक मामूली से विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक जीजा ने अपने ही साले को मौत के घाट उतार दिया। यह घटना खारून नदी के किनारे ग्राम कुम्हारी के ग्रामीण क्षेत्र की है। मृतक घनश्याम और आरोपी गोप सिंह, दोनों ही महासमुंद जिले के कोमाखान (ग्राम पालसीपानी) के रहने वाले थे और कुम्हारी में एक ईंट भट्टे पर मजदूरी का काम करते थे।

शराब से शुरू हुआ विवाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 8 अप्रैल 2026 से शुरू हुई। दोनों रिश्तेदार सिल्तरा स्थित शराब भट्टी में शराब पीने गए थे। शराब पीने के बाद लौटते समय आरोपी गोप सिंह ने घनश्याम को 150 रुपये देकर और शराब लाने को कहा। घनश्याम शराब लेकर आया, लेकिन उसने वह शराब अकेले ही पी ली। इस बात को लेकर आरोपी गोप सिंह के मन में गहरा आक्रोश भर गया था।
खारून नदी के किनारे दिया वारदात को अंजाम अगले दिन, 9 अप्रैल को दोनों नहाने के लिए निकले। मृतक घनश्याम शौच जाने की बात कहकर खारून नदी की तरफ गया। गुस्से में भरा आरोपी भी उसके पीछे-पीछे चला गया। नदी की मेढ़ के पास आरोपी ने उसे जोरदार धक्का दे दिया, जिससे घनश्याम गिरकर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी को डर सताने लगा कि कहीं वह सच में मर न गया हो और इस घटना का किसी को पता न चल जाए। इसी डर और गुस्से में उसने अपने गमछे को घनश्याम के गले में लपेटकर कस दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए अपनी जांच शुरू कर दी है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।


