राधे पटेल/गरियाबंद
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम मदननगर, कनकनगर और सिलफिली में इन दिनों भारी तनाव का माहौल है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ग्रामीण SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं। इस जन-आंदोलन को मजबूत करने और आदिवासियों की आवाज को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष श्री जनक राम ध्रुव ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
ग्रामीणों की सहमति के बिना नियमों को ताक पर रखकर उपजाऊ जमीनों पर SECL द्वारा जबरदस्ती सर्वे और उत्खनन की तैयारी की जा रही है। मदननगर में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि यह उनके अस्तित्व और जीविकोपार्जन पर सीधा प्रहार है। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर के उपाध्यक्ष श्री त्रिभुवन सिंह टेकाम भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रशासन को सख्त निर्देश और अल्टीमेटम

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री जनक राम ध्रुव ने धरना स्थल से ही सीधे सूरजपुर कलेक्टर और संबंधित SDM से फोन पर संपर्क साधा। उन्होंने स्पष्ट और कड़े शब्दों में अधिकारियों को निर्देशित किया:
तत्काल रोक: ग्रामीणों की इच्छा के विरुद्ध किए जा रहे जबरदस्ती सर्वे को तुरंत प्रभाव से रोका जाए।
कानूनी प्रक्रिया का पालन: बिना उचित कानूनी प्रक्रिया और किसानों की सहमति के कोई भी नया कदम न उठाया जाए।
अधिकारों की रक्षा: आदिवासियों और किसानों के संवैधानिक अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आंदोलन के उग्र होने की चेतावनी
दौरे के दौरान श्री त्रिभुवन सिंह टेकाम ने प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि ग्रामीणों का शोषण बंद नहीं हुआ और SECL ने अपनी तानाशाही नीतियां वापस नहीं लीं, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में और भी उग्र रूप धारण करेगा। इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने एक स्वर में SECL के खिलाफ नारेबाजी की।


