जिला अध्यक्ष फलेंद्र सिंह साहू के नेतृत्व में गांधी मैदान से उठी मांग, सैकड़ों लोग रहे मौजूद
गरियाबंद। राष्ट्रीय जनगणना 2027 में पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी का जातिवार डेटा संकलित करने तथा जनगणना की अनुसूची में ओबीसी के लिए अलग से कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर ओबीसी महासभा जिला गरियाबंद ने प्रधानमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर गांधी मैदान गरियाबंद में जिला अध्यक्ष फलेंद्र सिंह साहू के नेतृत्व में सौंपा गया।
ओबीसी महासभा का कहना है कि जनगणना में पिछड़ा वर्ग की वास्तविक संख्या और सामाजिक स्थिति से संबंधित आंकड़े सामने आना जरूरी है, ताकि समाज की जरूरतों के अनुरूप नीतियां और योजनाएं तैयार की जा सकें। जनगणना 2027 के दूसरे चरण में जाति संबंधी जानकारी शामिल किए जाने की केंद्र सरकार पहले ही जानकारी दे चुकी है।
ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष फलेंद्र सिंह साहू ने कहा कि जिस तरह अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से संबंधित जानकारी दर्ज की जाती है, उसी तरह देशभर में पिछड़ा वर्ग की भी जातिवार गणना के लिए स्पष्ट और अलग व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने 14 अगस्त 2026 को जारी जनगणना संबंधी अधिसूचना का हवाला देते हुए कहा कि ओबीसी के लिए अलग से कॉलम नहीं होने से समाज में नाराजगी है। अधिसूचना में जाति संबंधी जानकारी के लिए “SC/ST/Caste” का उल्लेख किया गया है।
“पेड़-पौधों और वन्यजीवों की गणना हो सकती है तो ओबीसी की क्यों नहीं?”
फलेंद्र सिंह साहू ने कहा कि देश में पेड़-पौधों से लेकर जंगल के वन्यजीवों तक की गणना की जाती है, ऐसे में देश की बड़ी आबादी वाले पिछड़ा वर्ग की जातिवार गणना को लेकर स्पष्ट व्यवस्था क्यों नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे ओबीसी समाज के अधिकारों और सामाजिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।
उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 340 और 15(4) में पिछड़े वर्गों के लिए प्रावधान किए गए हैं। ऐसे में ओबीसी की वास्तविक सामाजिक और जनसंख्या संबंधी स्थिति का आंकड़ा उपलब्ध होना जरूरी है।
प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
ओबीसी महासभा ने प्रधानमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि जनगणना 2027 की अनुसूची में पिछड़ा वर्ग के लिए आवश्यक प्रावधान करते हुए जातिवार डेटा संकलन की व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन के माध्यम से महासभा ने कहा कि ओबीसी समाज की जनसंख्या, सामाजिक स्थिति और वास्तविक भागीदारी से जुड़े आंकड़े उपलब्ध होने से भविष्य में कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में मदद मिल सकती है।
ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान जिला अध्यक्ष फलेंद्र सिंह साहू, जिला महिला अध्यक्ष श्रीमती लता सोनी, शिवदयाल साहू, ब्लॉक उपाध्यक्ष छुरा मनोहर चक्रधारी, ब्लॉक उपाध्यक्ष गरियाबंद उमेद यादव, जिला उपाध्यक्ष यज्ञदत्त वर्मा, घनश्याम देवगन, गंगाराम सिन्हा, विधानसभा राजिम प्रभारी जीतेश्वर साहू, गयाराम साहू, जीवन साहू सहित ओबीसी महासभा के पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
ओबीसी महासभा द्वारा सौंपे गए इस ज्ञापन के जरिए अब केंद्र सरकार से मांग की गई है कि जनगणना 2027 में पिछड़ा वर्ग से संबंधित आंकड़ों के संकलन को लेकर उनकी मांग पर गंभीरता से विचार किया जाए।




