अब बहुत हुआ नशा—मुक्ति की ओर बढ़ेगा समाज
गरीबा महासभा में सर्व आदिवासी समाज का ऐतिहासिक संकल्प 
मैनपुर । ग्राम गरीबा (राजापड़ाव क्षेत्र) में दो दिवसीय सर्व आदिवासी समाज राजापड़ाव क्षेत्र के तत्वाधान में आयोजित विशेष महासभा ने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। इस महासभा में छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा से आए वरिष्ठ समाजसेवकों, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों ने समाज को एकजुट होकर अपनी परंपरा, संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया।
महासभा का शुभारंभ पहले दिन कलश यात्रा, पेन-पुरखा की सेवा-अर्जी के साथ हुआ। इसके पश्चात देर रात तक चली संगोष्ठी में समाज की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों एवं भविष्य की दिशा पर गहन मंथन हुआ। विशेष रूप से समाज की नियमावली पर विस्तार से चर्चा की गई। 
दूसरे दिन आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों एवं समाज के वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति ने महासभा को और भी भव्य बना दिया।
छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामाजिक गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। पूरे महासभा के दौरान समाज में अद्भुत एकता देखने को मिला, सभी समाजजन पारंपरिक वेश-भूषा में उपस्थित रहे।
महासभा में सर्वसम्मति से समाज के लिए कठोर लेकिन आवश्यक संकल्प लिए गए, जिनमें प्रमुख रूप से…
• विवाह एवं नामकरण संस्कार समाज की परंपरा अनुसार अनिवार्य होंगे।
• विवाह एवं सामाजिक कार्यक्रमों में नशा-पान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। 
• समाज के बच्चे शिक्षा को प्राथमिकता देंगे।
• कृषि, व्यापार एवं अन्य क्षेत्रों में समाजजन आगे बढ़ेंगे।
• समाज की नियमावली का हर हाल में पालन किया जाएगा।
मुख्य अतिथि विधायक जनक ध्रुव ने अपने संबोधन में कहा कि “समाज को अपने पूर्वजों के बलिदान और योगदान को याद रखते हुए उनके बताए मार्ग पर चलना होगा।” उन्होंने समाज की मांग पर सामाजिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने शिक्षा को समाज का सबसे बड़ा हथियार बताते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर समाज के हर छोटे-बड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि “हमारे पूर्वजों का देश की आज़ादी में जो योगदान रहा है, उसे भूलकर समाज आगे नहीं बढ़ सकता, किसी को बिरसा बनना होगा, किसी को रानी दुर्गावती।”
जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम ने समाज द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करने और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
महासभा के अध्यक्ष सुनील मरकाम ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को ऐसे जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ समाजसेवकों का मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहे, यही समाज की शक्ति है। 
उड़ीसा से पधारे सुखदेव नेताम ने गोंडी भाषा में संबोधन देकर सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
महासभा में समाज के मुखिया जन प्रताप नेताम, दशरथ नेताम, दिनाचंद मरकाम, बुधलाल नेताम,सखाराम मरकाम, रोहन नेताम, पतंग मरकाम,रमेश नेताम, अजय नेताम, जनपद सदस्य फूलचंद मरकाम, रमूला बाई मरकाम, सरपंच घनश्याम मरकाम (शोभा), सरपंच चिमन नेताम (गौरगांव), बुद्धुराम मरकाम, सुखनाथ नेताम,लोकनाथ नेताम, पुनाराम नेताम,रामचंद परदे, जोहर लाल मरकाम,सुन्दर नेताम,अर्जुन मरकाम,भानू राम नेताम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, सुकचंद ध्रुव, तिलक राम मरकाम,महेश मरकाम, गोपनाथ मरकाम, अर्जुन मरकाम,दुर्जन राम मरकाम, पुरुषोत्तम परदे,अशोक नेताम, फलेश नेताम,रामदेव मरकाम, सखाराम मरकाम,दैनिक मंडावी,निरबत बाई नेताम, दुखिया बाई मरकाम, शंकर लाल नेताम,हरचंद नेताम, धनसिंह नेताम,फरसु राम नेताम,महेश कुमार मरकाम, कार्तिक कुमार मरकाम, हीरा सिंह मंडावी,पतीराम मरकाम,जगबती नेताम,सुशीला मरकाम,सुकंतिन बाई नेताम,रमसुला बाई नेताम, मंगलबति नेताम, सियाबती मरकाम, सुकंतीन मंडावी, सीता दीवान, कविता मरकाम, लक्ष्मीबाई मरकाम सहित हजारों की संख्या में महिला पुरुष युवा जवान साथी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन समारू राम मरकाम एवं आभार दुर्जन मरकाम ने किया।

