राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद | जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कप्तान के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देवभोग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ ग्राहकों का इंतजार कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 अप्रैल 2026 को थाना देवभोग की टीम टाउन पेट्रोलिंग और अपराधों की रोकथाम हेतु क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता मुखबिर सूचना मिली कि बेलाट नाला रोड के किनारे एक व्यक्ति भारी मात्रा में शराब लेकर उसे बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान यशवंत उर्फ रगु यादव (31 वर्ष), निवासी ग्राम कुहकुहकला के रूप में बताई।
भारी मात्रा में शराब और बियर बरामद
तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद पीले रंग के थैले और एक सफेद प्लास्टिक बोरी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से कुल 20.430 बल्क लीटर शराब जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹6,750/- बताई जा रही है।
जप्त शराब का विवरण:
ओड़िशा निर्मित महुआ शराब: 35 पाउच (7 लीटर)
किंगफिशर बियर: 19 नग (12.350 लीटर)
मैकडॉवेल नंबर-1: 06 नग (1.080 लीटर)
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के पास शराब रखने या बेचने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके पश्चात पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में स्पेशल टीम गरियाबंद और थाना देवभोग पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: यशवंत उर्फ रगु यादव
पिता: परमानंद यादव
निवासी: ग्राम कुहकुहकला, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद (छ.ग.)


