गरियाबंद। लगातार हो रही बारिश और सोंढूर नदी के बढ़ते जलस्तर से बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हालात का जायजा लेने के लिए बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव ने सोंढूर नदी के किनारे बसे बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रदेश के कई हिस्सों में हालिया बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है।
विधायक ने पेंड्रा-खट्टी, जड़जड़ा, कोठरी छापर, चिखली और कुर्रूभाठा सहित करीब आधा दर्जन गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर बाढ़ से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि सोंढूर नदी के उफान से सैकड़ों एकड़ में लगी धान एवं अन्य फसलें जलमग्न होकर बर्बाद हो गई हैं। कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है तथा नदी किनारे कटाव की समस्या बढ़ गई है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों का शीघ्र सर्वे कराया जाए और शासन के नियमानुसार राहत सहायता तथा मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जहां नदी कटाव या आवागमन की समस्या अधिक है, वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
दौरे के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरियाबंद के अध्यक्ष अमित मिरी, युवा कांग्रेस बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा अध्यक्ष अमृत पटेल, सेवा राम पटेल, तिहार सिंह ध्रुव, कार्तिक ध्रुव, अंजोर ध्रुव, पूसाऊ विश्वकर्मा, दुर्गा ध्रुव, रीखलाल ध्रुव, विजय पटेल, यशवंत पटेल, जगदीश, रोहित पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बाढ़ से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।

