राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे 130C पर एक ऐसा खौफनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। रफ्तार का कहर एक पूरे परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ है।

घटना आज तड़के करीब 4 बजे की है। नेशनल हाईवे पर मैनपुर से 2 किलोमीटर दूर चिंगरा बांधा के पास एक तेज़ रफ़्तार XUV कार (जिसका नंबर CG 18R 7711 है) अनियंत्रित होकर सीधे पुल से जा टकराई।
देवभोग से लौट रहा था प्रधान परिवार सामने आई जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार होने वाले लोग प्रधान परिवार के सदस्य हैं। बताया जा रहा है कि यह परिवार देवभोग में किसी भर्ती के सिलसिले में गया हुआ था। वहां से अपना काम खत्म करने के बाद वे गरियाबंद की ओर वापस लौट रहे थे, तभी अलसुबह चिंगरा बांधा के पास यह खौफनाक हादसा हो गया। कार में कुल 4 लोग सवार थे।

हवा में उछलकर पलटी कार, उड़े परखच्चे प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार हवा में उछलकर कई बार पलटी। गाड़ी के पुर्जे-पुर्जे अलग होकर सड़क पर बिखर गए। सबसे खौफनाक मंजर तब दिखा जब कार का भारी-भरकम इंजन भी टूटकर पूरी तरह से बाहर आ गिरा।

सिर्फ 2 एयरबैग खुला, चारों की हालत नाजुक इस भयानक दुर्घटना के दौरान कार के सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठे हैं। इतनी भीषण टक्कर के बावजूद कार का सिर्फ 2 ही एयरबैग खुला, जिसके कारण अंदर बैठे प्रधान परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में सभी 4 घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल, पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की गहनता से जांच कर रही है कि हादसा ड्राइवर को झपकी आने से हुआ या फिर इसका कोई और कारण था, घायलों को गरियाबंद जिला अस्पताल रिफर किया गया है।


