बालोद। जिले में लगातार सामने आ रही डीजल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मध्यप्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का 490 लीटर डीजल, तीन चारपहिया वाहन, मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 51 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेवारीखुर्द, जगतरा, लाटाबोड़, बालोद एवं अर्जुन्दा क्षेत्र में खड़े ट्रकों से लगातार डीजल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए झलमला क्षेत्र में नाकेबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध स्वीफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन में सवार दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने ट्रकों की टंकियों का ताला तोड़कर विभिन्न स्थानों पर डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी (19 वर्ष) एवं देवेन्द्र विश्वकर्मा (25 वर्ष) निवासी शाजापुर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। वहीं गिरोह का एक अन्य सदस्य समीर मेवाती फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भिलाई से एक सुमो गोल्ड, एक स्कॉर्पियो, 490 लीटर डीजल से भरे 14 बड़े गैलन, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी चोरी किए गए डीजल को भिलाई क्षेत्र में बेचते थे और प्राप्त राशि को अपने बैंक खातों में जमा कर लेते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही गिरोह के फरार सदस्यों एवं इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
बालोद पुलिस की इस कार्रवाई को डीजल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इस पूरे ऑपरेशन में थाना बालोद एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





