अंबिकापुर में भारतीय जनता पार्टी के संभाग स्तरीय नए हाईटेक कार्यालय परिसर के निर्माण की औपचारिक शुरुआत होने जा रही है। इस अवसर पर आज आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी शामिल होंगे।
40 डिसमिल जमीन पर बनेगा हाईटेक परिसर
भाजपा का यह आधुनिक परिसर 40 डिसमिल जमीन पर तैयार किया जाएगा, जबकि कार्यालय के लिए कुल 92 डिसमिल भूमि आवंटित की गई है। इस भवन के निर्माण पर करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक की लागत आने का अनुमान है। नए कैंपस को सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
जगह की कमी दूर करेगा नया कार्यालय
फिलहाल अंबिकापुर में भाजपा का एक कार्यालय पहले से मौजूद है, लेकिन वहां जगह कम होने के कारण वीआईपी कार्यक्रमों और बड़े आयोजनों में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संभाग स्तरीय भाजपा कार्यालय के रूप में नया हाईटेक भवन बनाने का फैसला लिया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है।
दोपहर 3 बजे होगा भूमिपूजन
भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित कई मंत्री और विधायक शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के दोपहर 2.40 बजे अंबिकापुर पहुंचने और 3 बजे भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न होने की जानकारी दी गई है।
राजनीतिक दृष्टि से अहम सरगुजा संभाग
यह हाईटेक परिसर ऐसे समय बन रहा है जब छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद चौथी बार भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में सरकार बनाई है। खास बात यह है कि सरगुजा संभाग से भाजपा के सबसे अधिक 14 विधायक चुने गए हैं, जबकि कांग्रेस का कोई भी विधायक यहां से जीत दर्ज नहीं कर सका। ऐसे में अंबिकापुर में बन रहा यह नया भाजपा कार्यालय राजनीतिक रूप से भी खास महत्व रखता है।


