
दर्रीपारा (गरियाबंद)। खेत बचाओ अभियान के तहत 24 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत दर्रीपारा, विकासखंड गरियाबंद में कृषक चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने, संतुलित उर्वरक उपयोग, मिट्टी की जांच तथा फसल चक्र में बदलाव के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को रबी सीजन में धान के स्थान पर अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि फसल विविधीकरण, मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार उर्वरकों का उपयोग और जैविक खेती अपनाने से खेती की लागत को नियंत्रित करने तथा भूमि की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
कृषक चौपाल में कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा), कृषि यंत्रों की उपयोगिता तथा कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को मिट्टी के नमूने लेने, मिट्टी की जांच कराने और प्राप्त परिणामों के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सतीश सोम, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी गोपेश साहू, कृषक मित्र सुरेश सोम एवं मुकेश ध्रुव सहित ग्राम पंचायत दर्रीपारा के किसान उपस्थित रहे।
कृषक चौपाल का उद्देश्य किसानों को खेती की उन्नत तकनीकों, वैकल्पिक फसलों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर कृषि को टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने के प्रति जागरूक करना रहा।


