दौवा राम चक्रधारी ने 37 वर्षों से अधिक समय तक कुष्ठ रोग उन्मूलन और जनजागरूकता के क्षेत्र में दी सेवाएं, लेखराम वर्मा भी हुए सेवानिवृत्त
गरियाबंद। अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए स्वास्थ्य विभाग के दो वरिष्ठ कर्मचारियों को मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा में एनएमए के पद पर सेवाएं देने वाले दौवा राम चक्रधारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर में सेक्टर पर्यवेक्षक रहे लेखराम वर्मा को पेंशन आदेश, शाल और श्रीफल भेंट कर उनके सुखद एवं सम्मानपूर्ण भविष्य की कामना की।
समारोह में राज्य शासन के निर्देशानुसार दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके विभिन्न स्वत्वों की स्वीकृति से संबंधित पत्रों की प्रतियां भी सौंपी गईं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी फिंगेश्वर डॉ. स्नेहलता हुमने, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गणपत नायक और खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी योगेश पराना सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। दौवा राम चक्रधारी की धर्मपत्नी सरोज चक्रधारी भी समारोह में उपस्थित थीं।
37 साल से अधिक समय तक कुष्ठ रोग के खिलाफ जागरूकता अभियान
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने दोनों कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से दौवा राम चक्रधारी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 37 वर्षों से अधिक समय तक कुष्ठ रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और कुष्ठ मिशन के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का कार्य किया।
कलेक्टर ने कहा कि उनका समर्पण, अनुभव और सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय है।
सेवानिवृत्ति जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। निर्धारित आयु पूरी होने के बाद प्रत्येक शासकीय सेवक सेवानिवृत्त होता है, लेकिन सेवाकाल के दौरान उसके द्वारा समाज और शासन के लिए किया गया कार्य लंबे समय तक याद रखा जाता है।
उन्होंने दोनों कर्मचारियों को उनके सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखमय और मंगलमय भविष्य की कामना की।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने याद किया योगदान
समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों कर्मचारियों का अनुभव और सेवाभाव विभाग के लिए प्रेरणादायी रहा है।
सभी ने दोनों के स्वस्थ, दीर्घायु और सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। स्वास्थ्य विभाग के दो वरिष्ठ कर्मचारियों की विदाई के साथ कार्यक्रम भावुक और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।



