गरियाबंद। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने विशेष धरपकड़ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले महज एक सप्ताह के भीतर पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे 105 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। इनमें 8 स्थायी वारंटी तथा 97 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। यह कार्रवाई जिलेभर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चला विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों को लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप 105 वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पहचान छिपाकर रह रहे थे कई वारंटी
पुलिस के अनुसार कई वारंटी लंबे समय से अपनी पहचान बदलकर और स्थान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस टीमों ने मुखबिरों से मिली सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए सुरागों के आधार पर इनकी पहचान कर एक-एक कर सभी को गिरफ्तार किया।
अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था पर विशेष फोकस
गरियाबंद पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा न्यायालय द्वारा जारी वारंटों के शीघ्र निष्पादन के लिए यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का मानना है कि ऐसे अभियान से कानून का पालन सुनिश्चित होगा और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण मजबूत होगा।





