गरियाबंद। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करते हुए कलेक्टर बी.एस. उइके ने जिले के तीन मृतकों के परिजनों के लिए कुल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। यह सहायता राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्रदान की गई है।
फिंगेश्वर क्षेत्र के 25 वर्षीय हरीश कुमार माण्डले की 23 अक्टूबर 2025 को कुएं में गिरकर डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना में मृतक के निकटतम परिजन तेजकुमार माण्डले को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार मैनपुर तहसील के ग्राम जिड़ार निवासी 60 वर्षीय परमेश्वर नागेश की 4 सितम्बर 2025 को सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में उनकी परिजन कौशिल्या नागेश को 4 लाख रुपये की सहायता राशि मंजूर की गई है।
वहीं ग्राम भाठापानी निवासी 21 वर्षीय संजय कुमार की 19 अक्टूबर 2024 को आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु हो गई थी। इस मामले में मृतक के निकटतम परिजन राजमन मरकाम को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
कलेक्टर श्री उइके द्वारा स्वीकृत इस सहायता राशि से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा। प्रशासन ने कहा है कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित पात्र परिवारों को शासन के नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराई जाती है, ताकि संकट की घड़ी में उन्हें सहयोग मिल सके।
प्रशासन ने नागरिकों से बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की है।




