महासमुंद। राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक एवं भाजपा किसान मोर्चा कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू ने रायपुर नगर निगम और छत्तीसगढ़ शासन से तेलीबांधा तालाब परिसर में भक्त माता कर्मा जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा तालाब का इतिहास तैलिक वंशी साहू समाज की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक योगदान से गहराई से जुड़ा हुआ है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में तुषार साहू ने कहा कि तेलीबांधा तालाब केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि साहू समाज की पहचान, विरासत और गौरव का प्रतीक है। इसी पावन स्थल पर साहू समाज द्वारा प्रतिवर्ष हरेली उत्सव का भव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों की संख्या में समाजजन शामिल होकर अपनी सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव मनाते हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में “भक्त माता कर्मा चौक” के निर्माण तथा तेलीबांधा तालाब परिसर में भक्त माता कर्मा जी की प्रतिमा स्थापना की मांग समाज की ओर से प्रमुखता से रखी जा चुकी है। इस पर मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन भी दिया गया था।
अशवंत तुषार साहू ने कहा कि भक्त माता कर्मा त्याग, तपस्या, सेवा, नारी शक्ति और सामाजिक समरसता की जीवंत प्रेरणा हैं। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन एवं रायपुर नगर निगम से मांग करते हुए कहा कि तेलीबांधा तालाब जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थल पर भक्त माता कर्मा जी की भव्य प्रतिमा स्थापित कर तैलिक वंशी साहू समाज की भावनाओं का सम्मान किया जाए। इससे न केवल समाज की आस्था को बल मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी गौरवशाली विरासत और संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।



