गरियाबंद। नगर में प्रत्येक शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान एक बार फिर सड़क दुर्घटना की घटना सामने आई है। मुख्य मार्ग पर अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार दोपहर लगभग चार बजे भुजियामुड़ा निवासी एक युवक और एक महिला कर्मचारी की मोटरसाइकिल आपस में टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाजार लगने के कारण नगर का मुख्य मार्ग पूरे दिन व्यस्त रहता है। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यहां बड़े वाहनों, मोटरसाइकिलों, साइकिल चालकों और पैदल राहगीरों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। सड़क संकरी होने और दोनों ओर अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है।
इसी अव्यवस्था के बीच दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने आ गईं और जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में महिला कर्मचारी के कमर में गंभीर चोट आई है, जबकि युवक के सिर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शुक्रवार बाजार के दिन नगर के मुख्य मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे बाजार लगने से पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और ग्रामीणों पर पड़ता है, जिन्हें रोजाना इस मार्ग से गुजरना पड़ता है।
लोगों ने बताया कि बाजार स्थल को किसी खुले एवं सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग कई बार प्रशासन के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से बाजार दिवस पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने तथा बाजार को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



