गरियाबंद। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “सुशासन तिहार 2026” अभियान के अंतर्गत देवभोग विकासखंड के ग्राम चिचिया में शुक्रवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित इस शिविर में आसपास के 17 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं, शिकायतों तथा मांगों से प्रशासन को अवगत कराया। शिविर में कुल 490 आवेदन प्राप्त हुए।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा “सुशासन तिहार 2026” के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर ही आवेदनों की जांच कर अधिकांश मामलों का त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया। साथ ही ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप, पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पदमलया निधि, जनपद उपाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, जनपद सदस्य गजेन्द्र सोम, शंकर नागेश, श्रीमती सुशीला पाथर, जगमोहन पटेल तथा अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप शासन और प्रशासन सीधे आम जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जनहित में कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सहकारी समितियों में खाद का पर्याप्त भंडारण किया जा चुका है और नियमानुसार वितरण भी शुरू हो गया है। किसानों को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत सामग्री और सेवाएं भी प्रदान की गईं। समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण वितरण योजना अंतर्गत चिचिया निवासी प्रभुलाल मांदर एवं बरबहली निवासी पानो बाई गोविंद को ट्राईसाइकिल वितरित की गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा दो महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई।
शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान योजना, खाद्य सुरक्षा, कृषि योजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।


