गरियाबंद। जिले में अवैध हीरा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मैनपुर एवं स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 4 लाख 50 हजार रुपये कीमत के 09 नग बहुमूल्य हीरों के साथ तीन हीरा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से हीरों की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ जब्त कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 मई 2026 को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग अवैध रूप से हीरों का परिवहन एवं बिक्री करने के उद्देश्य से मैनपुर थाना क्षेत्र के जीरो पॉइंट सीकासार मार्ग के पास ग्राहक की तलाश में खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी मैनपुर एवं स्पेशल टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर एक महिला एवं दो पुरुष संदिग्ध अवस्था में पाए गए। तलाशी लेने पर महिला आरोपी भानुमति यादव के कब्जे से 05 नग, कुशल नेताम के पास से 02 नग तथा अर्जुन पाण्डे के पास से 02 नग कुल 09 नग छोटे-बड़े चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ बरामद किए गए। जब्त हीरों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए हीरों को विधिवत कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक दर्ज किया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपी
- भानुमति यादव, पति घासीराम यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम मोहंदा, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद
- कुशल नेताम, पिता दलगंजन नेताम, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम पीपल कन्हार, थाना पीपरछेड़ी, जिला गरियाबंद
- अर्जुन पाण्डे, पिता लैबानो पाण्डे, उम्र 51 वर्ष, निवासी बेगरपारा, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद
जब्त सामग्री
- 09 नग छोटे-बड़े चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ (हीरा)
- अनुमानित कीमत – ₹4,50,000
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध खनिज कारोबार एवं तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को जिले में अवैध हीरा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े तस्करी गिरोह से तो नहीं है।


