थानेदार शिवशंकर हुर्रा ने पेश की इंसानियत की मिसाल, असहाय वृद्ध महिला के लिए बनाया घर

रिपोर्ट। राधे पटेल मैनपुर गरियाबंद
गरियाबंद । गरियाबंद जिले अंतर्गत थाना मैनपुर क्षेत्र से एक बेहद मानवीय और प्रेरणादायक मामला सामने आया है, जहाँ थानेदार शिवशंकर हुर्रा ने इंसानियत की अनोखी मिसाल पेश की है। कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर एक असहाय वृद्ध महिला को उन्होंने नई ज़िंदगी की उम्मीद दे दी।

जानकारी के अनुसार, यह वृद्ध महिला लंबे समय से बिना किसी आश्रय के खुले में रह रही थी। जब इसकी खबर थानेदार शिवशंकर हुर्रा को मिली, तो उन्होंने पहले उसे वृद्धाश्रम ले जाने का सुझाव दिया, लेकिन महिला अपना क्षेत्र छोड़कर कहीं जाने को तैयार नहीं थी। ऐसे में मानवता को प्राथमिकता देते हुए थानेदार हुर्रा ने उसी स्थान पर स्वयं अपने हाथों से वृद्ध महिला के लिए एक छोटा-सा घर बनवा दिया।

घर ही नहीं, उन्होंने महिला की ज़रूरी जरूरतों का पूरा सामान, रहने-खाने की व्यवस्था और राशन का इंतज़ाम भी किया। इस संवेदनशील कदम ने स्थानीय लोगों का दिल जीत लिया है और पुलिस विभाग के इस मानवीय रूप की हर ओर सराहना हो रही है।
जब वृद्ध महिला ने अपना नया घर देखा, तो वह भावुक होकर रो पड़ी और थानेदार शिवशंकर हुर्रा को अपना बेटा बताते हुए ढेर सारा आशीर्वाद दिया। यह दृश्य देखकर स्वयं थानेदार की भी आंखें नम हो गईं।
मैनपुर थाना प्रभारी शिवशंकर हुर्रा के इस कार्य को क्षेत्र में खूब सराहा जा रहा है। उनके इस कदम ने साबित कर दिया है कि वर्दी में सख़्ती ही नहीं, बल्कि इंसानियत और संवेदना भी बसती है।


