गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के दुतकैया गांव में रविवार रात अचानक हिंसक झड़प भड़क उठी। इस दौरान उपद्रवियों ने कई घरों को आग के हवाले कर दिया। हालात काबू में करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना को लेकर अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बयान सामने आया है। CM साय ने साफ शब्दों में कहा कि यह मामला प्रशासन के संज्ञान में है और हिंसा में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “जो भी इस घटना का दोषी है, उस पर कार्रवाई होगी। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।”
फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है।


